चंदौसी। विधानसभा क्षेत्र के गांव आटा में बहजोई रोड स्थित एक धर्मशाला में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से संविधान मान स्तंभ दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा और आरक्षण के मुद्दों को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की तथा संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने कहा कि छत्रपति साहू जी महाराज ने पिछड़े और दलित वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर सामाजिक न्याय की नींव रखी थी। उन्होंने संविधान को वंचित वर्गों के अधिकारों की सबसे बड़ी गारंटी बताया।
बिलारी विधायक फहीम इरफान ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर युवाओं को सवाल पूछने से रोकना चाहती है। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शिक्षण संस्थानों पर कार्रवाई हो रही है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सपा नेत्री विमलेश कुमारी ने कहा कि सरकार मुफ्त राशन की योजना का प्रचार कर रही है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही। जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संचालन कृष्ण मुरारी शंखधार ने किया।
इस अवसर पर उमेश यादव, अमित यादव, इरफान खान, ताहिरउल्ला, सुभाष पाल, सुभाष वाल्मीक, ओमप्रकाश प्रजापति, पूरनलाल मौर्य, ममता मधुकर, संजय मदान, इंद्रजीत यादव, विनीत जाटव, अजय कश्यप, अमित मौर्य, अरुण गौतम, मनीष, कमल शर्मा, शोभित कुमार काका, अशोक राणा, रोहन यादव, संजीव यादव, सुरेंद्र यादव, भूरे एडवोकेट व समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।