चंदौसी। प्रजापति समाज सेवा समिति की ओर से शनिवार को बहजोई रोड स्थित बाटा बाबू धर्मशाला में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर समिति का पुनर्गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी वीरेंद्र प्रजापति और विशिष्ट अतिथि के रूप में सीमा आर्या मौजूद रहीं। समारोह में राधा-कृष्ण के रूप में सजे कलाकारों ने होली गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान समिति के लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज के शैक्षिक और राजनीतिक विकास पर विस्तार से चर्चा की। तहसील अध्यक्ष मिंटू सिंह प्रजापति ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं।
उन्होंने युवाओं से कौशल आधारित शिक्षा अपनाकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की। इस दौरान समिति के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई। पूर्व में आयोजित बैठक में सोमपाल सिंह प्रजापति को जिलाध्यक्ष चुना गया था। उनके नेतृत्व में समिति के संरक्षक मंडल ने तहसील गुन्नौर, संभल और चंदौसी क्षेत्र के कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपीं।
नई कार्यकारिणी में डॉ. जयराम प्रजापति को समिति का संस्थापक, सोमपाल सिंह प्रजापति को जिलाध्यक्ष, ओमप्रकाश प्रजापति को जिला महासचिव और त्रिलोक चंद्र प्रजापति को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा संगठन को मजबूत करने के लिए अन्य पदों पर भी समाज के लोगों को जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।