कैलादेवी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी खिरनी में तैनात एक सिपाही पर रविवार को भाजपाइयों ने अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। पुलिस अधीक्षक को संबोधित शिकायती पत्र दिया।
गांव बसला निवासी राजेश शर्मा का आरोप है कि 25 दिसंबर को सिपाही ने समन तामील कराने की जानकारी देकर पुलिस चौकी पर बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान सिपाही ने गैर जमानती वारंट होने का हवाला देकर कमरे में बंद कर लिया और छोड़ने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की। ग्रामीण का दावा है कि उसने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर दस हजार रुपये सिपाही को दिए। इसके बाद सिपाही ने छोड़ दिया , लेकिन अभी भी परेशान किया जा रहा है। इस जानकारी के बाद भाजपा कार्यकर्ता खफा हो गए और पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। इस दौरान सिपाही पर दो अन्य लोगों ने भी रुपये लेने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक को संबोधित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान चौधरी नरेंद्र सिंह, अवधेश प्रताप सिंह, अनुपम मिश्रा, प्रेमपाल यादव, कपिल यादव, सुमन कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर खिरनी चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि राजेश शर्मा के गैर जमानती वारंट थे। उसी के लिए सिपाही ने जानकारी की थी। रुपये लेने वाली बात गलत है।