जिले के किसी भी क्षेत्र में यदि आप अपना आशियाना बनाने की योजना बना रहे हैं तो जल्दी कीजिये, क्योंकि एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे। जिसमें कई शहरों और हाइवे किनारे वाले गांवों में जमीन 15 से 20 फीसदी तक महंगी हो सकती है। जिसकी प्रस्तावित सूची जारी कर दी गई है।
25 जुलाई तक आपत्तियां भी मांगी गई हैं। राहत की बात यह है कि कृषि भूमि की दरों में किसी तरह का कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर किसी भी श्रेणी की भूमि का सर्किल रेट कम भी नहीं किया जाएगा।
चंदौसी तहसील क्षेत्र में शासन ने इस साल संभल जिले का मुख्यालय बहजोई बनाने का भी ऐलान किया है। जिला प्रशासन ने बहजोई से सटे ग्रामीण क्षेत्र फतेहपुर शरीफ नगर व आनंदपुर गांव में भूमि प्रस्तावित की है। अभी सरकारी भूमि क्रय करने की योजना ही तैयार की जा रही है लेकिन जिला प्रशासन ने इन गांवों में 15 से 20 फीसदी तक वृद्धि सर्किल दरों में प्रस्तावित कर दी है।
कोई अहम आपत्ति दाखिल नहीं होती है तो इन दोनों गांवों में जमीन करीब बीस फीसदी महंगी हो जाएगी। इसके अलावा बहजोई क्षेत्र में ही मदारा व ढकारी गांव में भी 15 से 20 फीसदी तक वृद्धि की जा रही है। जबकि इनके आसपास के गांवों में पांच से दस फीसदी तक की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है।
चंदौसी के निकटस्थ बहजोई के पास (मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे) स्थित आटा गांव, जहां एक मॉल भी बन रहा है, कुछ कंपनियों ने आवासीय प्लाटिंग भी शुरू करा दी है, जिसे देखते हुए उपनिबंधन विभाग ने आटा गांव के पास रोड के किनारे सर्किल दरों में 20 फीसदी तक की वृद्धि करने का प्रस्ताव रखा है।
चंदौसी नगर के आसपास देवरखेड़ा, असालतपुर जारई, अकबरपुर चितौरी, बाकरपुर बेहतरी आदि गांव में पांच से दस फीसदी, भवानीपुर में 15 फीसदी की वृद्धि सर्किल दरों में प्रस्तावित है। चंदौसी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कई मोहल्लों गुलडेरा, शक्तिनगर, पंचशील कालोनी, विकास नगर में दस फीसदी तक और आनंद विहार कालोनी आदि में 15 फीसदी तक बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गई है। ग्रीन सिटी देवरखेड़ा के पास भी 15 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है।
पिछले साल मौलागढ़, जयमल नगर आदि में सर्किल दरों को कम किया गया था लेकिन इस साल किसी भी क्षेत्र में सर्किल दरों को कम किए जाने की कोई योजना नहीं है। कुल मिलाकर सिर्फ बारह दिन शेष हैं, यदि आप मकान बनाना चाहते हैं और उसके लिए जमीन खरीदना चाहते हैं तो जमीन खरीद लें। अभी बैनामा नहीं कराया तो 31 जुलाई से पहले ही बैनामा करा लें। बाद में 15 से 20 फीसदी अधिक कीमत चुकानी होगी।