गुन्नौर(संभल)। कस्बा क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां दो को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तो वहीं, तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मंगलवार शाम करीब चार बजे बबराला- बदायूं रोड पर हिमाऊपुर पेट्रोल पंप के पास दो बाइकें आपस में भिड़ गईं। हादसे में ससुराल जा रहे जिला बुलंदशहर के थाना नरौरा क्षेत्र के मोहल्ला गंगा कुंज निवासी महिपाल और बाइक में पेट्रोल डलवाकर घर लौट रहे हैदराबाद गांव निवासी वारिस घायल हो गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरा हादसा नरौरा टोल प्लाजा के पास हुआ। थाना क्षेत्र के गांव नगलिया निवासी दुर्वेश कुमार यादव अपनी पत्नी नीरज देवी के साथ बाइक से गांव आ रहे थे। इसी दौरान नरौरा टोल पर अचानक बैरियर नीरज देवी के ऊपर आ गिरा, जिससे वह घायल हो गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने महिला को घर भेज दिया।
इसके अलावा जिला बदायूं के थाना सहसवान निवासी राहुल अपने साथी अमित और वेदप्रकाश के साथ गुन्नौर से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। रास्ते में गुन्नौर के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर उनकी बाइक में अज्ञात वाहन टक्कर मारकर चला गया। राहगीरों की सूचना आई एंबुलेंस ने तीनों घायलों को सीएचसी लेकर आई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करा दिया।