संभल। 24 नवंबर को हुए बवाल में भीड़ को उकसाने के मामले में आरोपी बनाए गए विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को एसआईटी ने सोमवार को धारा 35 के तहत नोटिस तामील कराया है। मंगलवार की सुबह 10 बजे पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है। इससे पहले इसी मुकदमे में सांसद जियाउर्रहमान बर्क से भी एसआईटी पूछताछ कर चुकी है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि एसआईटी संभल बवाल का मामला देख रही है। बताया कि विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल पर भीड़ को उकसाने का आरोप है। इसलिए विवेचक ने सहयोग के लिए बुलाया है। इसी क्रम में नोटिस तामील कराया गया है।
बता दें इसी मामले में जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट की गिरफ्तारी हो चुकी है। वह 23 मार्च से जेल में बंद हैं। एसपी ने बताया कि 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान जो बवाल हुआ था। उसमें एक एफआईआर मुकदमा अपराध संख्या 335/24 में दर्ज हुई थी। जिसमें सांसद जियाउर्रहमान बर्क और विधायक के बेटे सुहेल इकबाल नामजद आरोपी हैं। अन्य अज्ञात आरोपी बनाए गए थे।
इस मुकदमे में जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट की भूमिका मिलने पर उनकी गिरफ्तारी की जा चुकी है। उनके खिलाफ बवाल की साजिश रचने और गंभीर अपराध में झूठे बयान देने जैसे आरोप हैं। मालूम हो इस मुकदमे सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर भड़काऊ भाषण देने और विधायक के बेटे सुहेल इकबाल पर बवाल भड़काने का आरोप है।