संभल। प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों को इस बार दो दिन तक निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया है। मंगलवार रात 12 बजे से इस सुविधा का लाभ बहनों को मिलेगा। 29 अगस्त की रात 12 बजे से महिलाएं रोडवेज की किसी भी बस (साधारण, जनरथ या वातानुुकूलित) में 31 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रदेश भर में कहीं भी निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
हालांकि, परिचालक उनका टिकट तो बनाएंगे लेकिन वह जीरो (शून्य) बैंलेंस का होगा। रोडवेज प्रबंधन ने नई टिकट मशीनों में जीरो बैलेंस का टिकट फीड कर दिया है। प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने प्रबंध निदेशक राज्य सड़क परिवहन निगम को पत्र लिखकर इस दिशा में कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं। महिलाओं के साथ छोटे बच्चों का किराया नहीं लगेगा, लेकिन पुरुषों का पूरा किराया लगेगा।
संभल रोडवेज बस स्टेशन के प्रभारी हसन इमाम ने बताया कि 48 घंटे तक प्रदेश भर में कहीं भी निशुल्क यात्रा महिलाएं कर सकेंगी। छोटे बच्चों का भी किराया नहीं देना होगा। संभल से मुरादाबाद के बीच 35 बसें चलती हैं, जो हर रोज चार चक्कर लगाती हैं। जरूरत पड़ने पर इनके चक्कर भी बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा सुबह में मेरठ, अलीगढ़ और आगरा के लिए भी बस सेवा मिलती है।