सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र में पवांसा-आटा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक हादसा हो गया। सिहोरी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में विक्रमपुर ताहरपुर निवासी अजय कुमार (20) की मौके पर ही मौत हो गई। बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधने को तैयार बैठीं थीं, तभी उसकी मौत की खबर आ गई। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि 10 जून को उसकी शादी अजय कुमार के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी को अभी दो महीने ही हुए थे। शुक्रवार को वह रक्षाबंधन पर मायके जाकर भाई को राखी बांधने की तैयारी कर रही थी। पति अजय अपने चचेरे भतीजे रोहित को बाइक से बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली छोड़कर लौट रहा था, तभी सिहोरी के पास हादसा हो गया। मात्र ढाई महीने में ही उसका सुहाग उजड़ गया।
मृतक की बहन गुड्डू ने रोते हुए बताया कि भाई नरौली जाते समय रास्ते में मिला था। कहा था जल्दी लौटकर आऊंगा, राखी बंधवाऊंगा। बहनें घर पर थाली सजाए इंतजार करती रहीं, लेकिन दोपहर करीब दो बजे मौत की खबर आई। बोलीं- भाई मिला भी तो राखी नहीं बांध सकी। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।