संभल। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर लगने वाले सिसौना डांडा मेले का उद्घाटन रविवार की दोपहर दो बजे जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह करेंगे। यह आयोजन जिला पंचायत की ओर से कराया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गुन्नौर के एसडीएम रमेश बाबू ने व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराया। निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को भी देखा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की चौकसी रहेगी। जो गंगा घाट गहरे हैं या वहां कटान हो रहा है। उनको बैरिकेडिंग कर बंद कराया गया है। जिससे श्रद्धालु वहां स्नान करने के लिए नहीं पहुंचे। इस मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। एसडीएम ने बताया कि जहां कच्चे घाट सील किए गए हैं वहां पुलिस की ड्यूटी भी रहेगी। पांच वॉच टावर बनाए हैं। इन टावर से पीएसी बाढ़ इकाई के जवान निगरानी करेंगे।
डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान
सिसौना डांडा का मेला प्रसिद्ध है। गंगा स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इस बार प्रशासन का अनुमान है कि दो दिन के अंदर करीब डेढ़ लाख लोग स्नान करने के लिए पहुंचेंगे। इसको लेकर व्यवस्थाओं को बनाया गया है। पांच अस्थाई सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। अस्थाई आवासों में भी 80 शौचालय बनाए हैं। 100 से ज्यादा हैंडपंप लगाए गए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आस्था की डुबकी में कच्चे घाट से खतरा, सावधानी बरतें
कच्चे घाट पर स्नान के दौरान सुरक्षा बढ़ी हुई रहेगी। बाढ़ इकाई की टीम गंगा में बोट से घूमेगी। जिससे कोई हादसा न हो सके। मालूम हो कच्चे घाट पर गंगा स्नान करते समय कई हादसे हुए हैं। इसको लेकर ही पुलिस-प्रशासन चौकसी बरत रहा है। जहां गंगा की गहराई ज्यादा है वहां बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है। निगरानी के लिए पुलिस तैनात रहेगी। संवाद