संभल में आश्रय गृह में दीवारों पर बनाई गईं गणेश जी और नगर विकास मंत्री की पेंटिंग। संवाद
संभल। नगर पालिका ने मुरादाबाद मार्ग स्थित आश्रय गृह के सौंदर्यीकरण का काम शुरू करा दिया है। आश्रय गृह की दीवारों पर महापुरुषों पेंटिंग बनाई जा रही हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी आदि की पेंटिंग हो चुकी है जबकि कई अन्य महापुरुषों की पेंटिंग का कार्य 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। जिससे आश्रय गृह देशभक्ति का संदेश देगा।
मुरादाबाद मार्ग पर राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत 51 शहरी बेघरों के लिए आश्रय गृह बना हुआ है। नगर पालिका ने आश्रय गृह की तीन तरफ की दीवारों पर सौंदर्यीकरण करते हुए महापुरुषों की पेंटिंग कराने का काम शुरू कराया है। इस कार्य की जिम्मेदारी यूके आर्टस गोरखपुर को सौंपी गई है। फर्म के उदय के निर्देशन में पांच लोग काम कर रहे हैं और तीन लोग जल्द ही पहुंचेंगे। आश्रय स्थल की एक दीवार पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी की पेंटिंग बन चुकी है। इसी दीवार पर चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग की जानी है। आश्रय गृह में प्रवेश करने पर दो दीवारों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री और गणेश जी की पेंटिंग की गई है। फर्म के उदय ने बताया कि मुरादाबाद मार्ग की तरफ स्थित आश्रय स्थल की दीवार पर रानी लक्ष्मीबाई, पृथ्वीराज चौहान, महाराणा प्रताप की पेंटिंग होनी है जबकि फ्रंट दीवार को सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की पेंटिंग होगी। कार्य 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। ईओ नगर पालिका डॉ.मणिभूषण तिवारी ने बताया कि लोग महापुरुषों के बारे में जानें और उनमें देश भक्ति का भाव रहे, इसी उद्देश्य से पेंटिंग कराई जा रही है। फर्म ने पार्कों में भी पेंटिंग की है। पेंटिंग के कार्य में करीब पांच लाख रुपये का बजट खर्च हो रहा है।