बच्ची को दीवार पर पटकता रहा सौतेला पिता, चीखती रही मां
सौतेली बेटियों से आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ नफरत करता था। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने बालिकाओं को दीवार से तब तक पटका जब तक दो वर्षीय जन्नत की जान नहीं चली गई और दूसरी बालिका मन्तशा बेहोश नहीं हो गई। जब आरोपी को लगा कि दोनों बहनों की मौत हो गई है तो उसने कमरे का दरवाजा खोला।
जब आरोपी कमरे में बेटियों को पटक रहा था तब बेबस मां अपनी बेटियों को बचाने की गुहार लगा रही थी। आसपास के लोगों ने आने में भी देर की और किसी ने दरवाजा तोड़कर बाहर नहीं निकाला। किसी ने बेबस मां की पहली चीख सुनकर दरवाजा तोड़ दिया होता तो दो वर्षीय जन्नत की जान बच सकती थी। शाइस्ता ने बताया कि बेटियों को कमरे में लेकर जाने से पहले उसके साथ आरोपी ने मारपीट की थी।
जब बेटियों को कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया। दीवारों से पटकने की आवाज आ रही थी। बेटियां चीख रही थीं और बेरहम पटक रहा था। शाइस्ता के अनुसार करीब दस मिनट तक बेटियों को दीवारों से पटका है। जब बेटियों के चीखने की आवाज आनी बंद हो गई तो आरोपी ने दरवाजा खोला। जब तक मन्नत की मौत हो गई थी और दूसरी मूक बधिर बेटी बेहोश पड़ी थी।
अशरफ आए दिन पीटता था सौतेली बेटियों को
आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ ने छह महीने पहले ही शाइस्ता से निकाह किया है। निकाह के बाद से ही आरोपी आए दिन बालिकाओं को मारता पीटता रहता था। आरोपी की साली नूरजहां ने बताया कि उनकी बहन शाइस्ता की पहली शादी सरायतरीन निवासी एक युवक से पांच वर्ष पहले हुई थी। वह भी मारपीट करता था।
छह महीने पहले वह जेल गया तो उससे तलाक ले ली थी। इसके बाद ही आरोपी से निकाह किया था। आरोपी ने निकाह करने के बाद ही बालिकाओं के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी थी। दोनों बालिका दूसरे व्यक्ति की थी इसलिए आरोपी नफरत करता था।
आरोपी की साली का कहना है कि आरोपी आए दिन कहता था कि बेटियों को दहेज देना पड़ेगा। बेटे होते तो रख लेते। इन बेटियों पर तो खर्च ही होता है और यह परेशान भी करती हैं। इसलिए नशे की हालत में जब भी होता तो बालिकाओं के साथ मारपीट करता था।
बच्चियों की मां की हालत बिगड़ी, रेफर
आरोपी ने बालिका की हत्या से पहले पत्नी शाइस्ता की पिटाई की थी। शाइस्ता गर्भवती है और उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। मूकबधिर घायल मन्तशा को भी मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया है। पिटाई से उसकी हालत भी बिगड़ी हुई है। सीओ का कहना है कि महिला और उसकी बेटी का उपचार कराया जा रहा है। जिस बालिका की मौत हो गई है उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
सौतेले पिता ने पटक-पटककर मार डाला
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा में ई-रिक्शा चालक ने अपनी दो और तीन साल की सौतेली बेटियों को कई बार उठाकर पटक दिया। इससे दो साल की बच्ची जन्नत की मौत हो गई जब तीन साल की मन्तशा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ को हिरासत में ले लिया है। मुन्ना से दोनों बच्चियों की मां शाइस्ता परवीन ने छह माह पहले ही निकाह किया था। शाइस्ता ने पुलिस को बताया कि मुन्ना नशे की हालत में घर आया था। खाना खाने के दौरान उसने बच्चियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वह दोनों बच्चियों को कमरे में ले गया और पटक-पटक कर मारने लगा। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और मुन्ना के चंगुल से बच्चियों को छुड़ाया। दोनों बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जन्नत को मृत घोषित कर दिया, जबकि मन्तशा का इलाज चल रहा है। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।