चंदौसी(संभल)। मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज में रविवार को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद की ओर से अंतर महाविद्यालय बेसबॉल प्रतियोगिता के लिए महिला एवं पुरुष की टीमों के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अगल सात महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। चयनकर्ता द्वारा 16 खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया विश्वविद्यालय टीम के लिए किया गया।
रविवार को मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज में आयोजित महिला व पुरुष बेसबॉल ट्रायल प्रतियोगिता में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज, एसएम डिग्री कॉलेज, ग्रामोदय लॉ कॉलेज बिलारी, मॉडल पब्लिक लॉ कॉलेज, स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज, बीएमएस कॉलेज मंडी धनौरा और ग्रामोदय महाविद्यालय अमरपुर काशी की टीम शामिल रही। प्रतियोगिता की शुरुआत प्रबंध समिति के डॉ. अमोल कंचन व प्राचार्य राजकुमार गोयल और आयोजन सचिव ज्ञान सिंह द्वारा टॉस कर किया गया।
चयन प्रक्रिया विषय विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार की देखरेख में संपन्न हुई। विभिन्न मैचों के आधार पर प्रदर्शन मूल्यांकन के बाद ऑल इंडिया विश्वविद्यालय टीम के लिए कुल 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आयोजन सचिव ने बताया कि चयनित खिलाड़ी विश्वविद्यालय स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर पर्यवेक्षक डॉ. दीप श्रीवास्तव सहित कॉलेज स्टॉफ मौजूद रहा।