जनपद में गुरुवार को होलिकादहन को होगा। संवेदनशील स्थल चिह्नित किए जा चुके हैं। जहां मिश्रित आबादी वहां पर अतिरिक्त चौकसी रहेगी। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तीन गुना पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस तथा प्रशासन ने एहतियाती सुरक्षा प्लान बना लिया है।
मंगलवार की रात्रि से ही जनपद में चौकसी बढ़ा दी गई। आसपास के जनपदों से पुलिस बल मंगाया गया है। पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षकों बाहर से आई फोर्स को ड्यूटी ब्रीफ की है। जिले में 1048 स्थानों पर होलिका दहन होना है।
जबकि 16 स्थानों पर जुलूस निकाले जाएंगे। ग्यारह स्थानों मेले लगेंगे। जिले में 185 नए गांव मुरादाबाद और बदायूं जिले से संभल में शामिल हुए हैं। इन गांवों में विशेष सुरक्षा रहेगी। साथ ही मिश्रित आबादी वाले गांवों में चौकसी रखने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना मंगलवार को दोपहर संभल आकर संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया और पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के बारे में सतर्क किया। उन्होंने जुलूस निकालने वाली कमेटियों के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया।
नौ कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, 1100 सिपाही, 176 एपीपी, 435 रंगरुट को होली पर सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर लगाया गया है। दूसरे जनपद से एक अपर पुलिस अधीक्षक जनपद में आ रहे हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को शांति व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट बनाकर तैनात किया गया है। तीनों तहसीलों के एसडीएम भ्रमण पर रहेंगे।
23 फरवरी को शाम सात बजे से संभल में गुलाल का जुलूस निकलेगा। जुलूस गौरी सराय मंदिर कोटगर्बी से शुरू होगा। शुक्ला पान भंडार, टंडन चौराहा, कोतवाली, फड़, छंगामल कोठी होते हुए ठेर बाजार में समाप्त होगा।
24 फरवरी को रंगों की फुहार के बीच कोटपूर्वी के रामलीला मैदान से होली की चौपाई शुरू होगी। सनातन धर्म मंदिर, डाकघर रोड, कोतवाली, छंगामल कोठी, अंजुमन तिराहा, मुरारीलाल का फड़, बाजार गंज, ठेर मोहल्ला, टंडन चौराहा, जामा मस्जिद, साहनी वाला फाटक, कल्कि मंदिर, सरथल मंदिर होते हुए सूर्य कुंड मंदिर तक चौपाई का जुलूस जाएगा।
जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने कहा होली जुलूसों के मार्गों पर सफाई के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई है। कोई भी अधिकारी अपना तैनाती मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। बिजली व्यवस्था ठीक बनाए रखने के लिए बिजली अभियंता अपने फोन आन रखेंगे। फाल्ट ठीक करने के लिए कर्मचारी सक्रिय रहेंगे। नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। होली पर प्रेम के रंग घोलें।