टांडा कोठी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बुकनाला गांव के निवासी अब्बास हैदर ने डीएम को शिकायती पत्र देकर एसडीओ और जेई पर बिजली चोरी कराने का आरोप लगाया है। मामले की जांच विशेष जांच टीम से कराने की मांग की है।
गांव बुकनाला निवासी हैदर अब्बास ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में 735 मकान हैं। इनमें मात्र 35 कनेक्शन ही सही तरीके से चल रहे हैं। आरोप है कि बाकी 700 मकानों में जेई व एसडीओ की मिलीभगत से बिजली चोरी से जलाई जा रही है। आरोप है कि लाइनमैन द्वारा प्रत्येक घर से एक महीने के तीन सौ से लेकर पांच सौ रुपये की उगाही की जाती है। जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।