संभल। ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने मुरादाबाद मार्ग पर ओवरलोड छह ट्रक को पकड़ा। खनन अधिकारी को निर्देशित करके इन्हें सीज करने को कहा। खनन अधिकारी ने ट्रकों को सीज करते हुए तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की है। परिवहन विभाग की ओर से भी जुर्माना लगाया गया है।
दरअसल, ट्रकों में ओवरलोड बजरी और बजरफुट ओवरलोड मात्रा में ढोने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने मुरादाबाद रोड पर ऐसे छह ट्रक पकड़ लिए। सभी में बजरी और बजरफुट ओवरलोड भरा हुआ था। उप जिलाधिकारी की सूचना के बाद खनन अधिकारी सोमेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और ट्रकों को मंडी समिति ले जाया गया। खनन अधिकारी ने बताया कि उप जिलाधिकारी की सूचना पर मौके पर गए थे। छह ट्रकों को सीज किया गया है। इन पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, एआरटीओ प्रवर्तन अम्बरीश कुमार ने बताया कि छह ट्रकों को एसडीएम के द्वारा पकड़ा गया। ओवरलोडिंग में जुर्माना तय किया गया है। करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों विभागों का जुर्माना देने के बाद वाहन अवमुक्त हो सकेंगे।