बीईओ के निरीक्षण में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी की कलई खुल गई।बच्चों की शनिवार से परीक्षा शुरू हो रही है। इसके बाद भी तमाम शिक्षक अपनी ड्यूटी निभाने को तैयार नहीं हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी निरीक्षण के लिए स्कूलों में पहुंचे तो छह में ताले लगे मिले, जबकि बच्चे स्कूल के बाहर स्कूल खुलने का इंतजार करते मिले। वहीं निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित भी मिले हैं।
संभल ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए निकले थे। सबसे पहले वह प्राथमिक विद्यालय सलारपुर कला पहुंचे। जहां स्कूल के गेट में ताला लटका हुआ था।
इसके बाद वह इसी गांव में जूनियर विद्यालय में पहुंचे वहां भी ताला लटका हुआ था और 15 से 20 बच्चे स्कूल के बाहर खड़े होकर स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे थे। गांव पीपली रहमापुर के प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूल, गांव हिसामपुर के प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाई स्कूल विद्यालय भी बंद मिला। यहां भी बच्चे स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे थे।
इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय लखौरी पहुंचे यहां भी शिक्षक जगवीर सिंह अनुपस्थित थे। जबकि प्राथमिक विद्यालय भदरौला में तैनात शिक्षिका प्रियंका रजिस्टर में सीएल लगाकर छुट्टी पर थी लेकिन उन्होंने कार्यालय में इस विषय में जानकारी नहीं दी थी। प्राथमिक विद्यालय मिलक शाहपुर में तैनात शिक्षामित्र विनोद सहगल लगातार 1 मार्च से अनुपस्थित चल रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जो भी शिक्षक अनुपस्थित मिला उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।