चंदौसी में पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश
- फोटो : अमर उजाला
संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव कल्हा में रात के समय खेत पर सिंचाई करने गए युवक का शव सोमवार की सुबह पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर मृतक के घुटने जमीन से छू रहे थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन युवक की हत्या कर शव पेड़ लटकाने की बात कह रहे हैं।
थाना क्षेत्र के गांव कल्हा निवासी पीताराम का 20 वर्षीय अविवाहित पुत्र राम किशोर रविवार की शाम बाइक से अपने खेत की सिंचाई करने की बात कहकर घर से गया था। देर रात तक युवक के वापस नहीं लौटने पर सोमवार की सुबह पांच बजे परिजन युवक की खोज में खेत पर पहुंचे, तो कुछ दूरी पर गांव के ईश्वरी के खेत की मेड़ पर लगे शहतूत के पेड़ की शाखा पर युवक का शव लटका हुआ था।
मृतक युवक के घुटने जमीन से छू रहे थे। युवक के शव को लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा और परिजनों से घटना की जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। जबकि मृतक का बड़ा भाई वीरपाल ने अपने भाई की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। तहरीर में किसी पर हत्या करने का आरोप नहीं लगाया गया है।
गांव कल्हा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। परिजनों ने पीएम कराने की मांग की है। किसी भी तरह की रंजिश से इंकार किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-देवेंद्र कुमार शर्मा, सीओ गुन्नौर।