खेलते समय बालक नलकूप के हौज में गिर गया जिससे हौज में डूबकर बालक की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे करीब कोतवाली क्षेत्र के गांव ईसमपुर निवासी करीब तीन वर्षीय बालक शिवा पुत्र कुंवरपाल खेलते समय किसी तरह घर के निकट बने नलकूप के हौज में गिर गया।
जानकारी होने पर परिजन समेत दूसरे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक को हौज से बाहर निकाला। तब तक मासूम बेहोशी की हालत में आ गया। आनन-फानन में परिजन बालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए जहां चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन वर्मा ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की जानकारी मिलने पर पिता व मां समेत दूसरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पिता ने बताया कि वह मंडी में काम पर थे। पत्नी खेत पर थी। तभी शिवा खेलते समय घर के निकट नलकूप के हौज तक पहुंच गया और यह हादसा हो गया।