संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद से लगातार शहर में चौकसी बरती जा रही है। जुमा नमाज के दौरान अतिरिक्त फोर्स शहर में तैनात की गई है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि संभल शहर में पुलिस के अलावा पीएसी और आरआरएफ के जवान तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं।
संभल की जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट की नियमित जमानत अर्जी पर केस डायरी न होने के कारण चार अप्रैल की तिथि सुनवाई के लिए नियत कर दी है। जबकि दोबारा से लगाई गई अंतरिम जमानत अर्जी न्यायालय ने खारिज कर दी। जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट दंगे भड़काने के आरोप में 23 मार्च से जेल में हैं।
बुधवार को जफर अली एडवोकेट की नियमित जमानत अर्जी की सुनवाई अपर जनपद न्यायाधीश (एमपी एमएलए सेशन कोर्ट) निर्भय नारायण राय के न्यायालय में हुई। जफर अली के अधिवक्ता ने केस डायरी न आने के कारण दोबारा से अंतरिम जमानत अर्जी के लिए भी प्रार्थनापत्र लगाया। जिस पर सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता हरिओम प्रकाश उर्फ हरीश सैनी ने बहस की।