संभल में होली मिलने जा रहे पिता-पुत्र की बाइक को वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों घायल हो गए। दो साल के बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता ने भी दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
होली मिलने बहजोई आ रहे गांव लहरावन निवासी ज्ञानचंद उर्फ ज्ञानी की बाइक में ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे ज्ञानचंद्र और उसका बेटा रोशन घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल के रेफर कर दिया गया। चंदौसी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बेटे रोशन (2) वर्ष ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना के बाद पिता ज्ञानचंद्र ने भी मुरादाबाद के निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
पुलिस ने हादसे की पड़ताल की। भाई चंद्रभान की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, दूध ले जा रहे वाहन की टक्कर से थाना धनारी के गांव रामनगर उर्फ कनुआ नगला निवासी राजवीर (24) वर्ष की मौत हो गई।
विज्ञापन
इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों में हरपाल ने बताया कि बहजोई के गांव दूधापुर में राजवीर की ससुराल है। राजवीर की पत्नी मायके में थी। राजवीर सोमवार को सुबह होली मिलने अपनी ससुराल दूधापुर जा रहा था।
इस बीच मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर कलक्ट्रेट के निकट दुग्ध वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई। हरपाल के मुताबिक करीब सात माह पहले राजवीर की शादी हुई थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह पंवार का कहना है कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।