मेंथॉल और मेंथॉल उत्पादों के निर्यात के लिए संभल की केवी एरोमैटिक्स ने पड़ोसी देश चीन के साथ एक बड़ी डील की है। चीन को संभल/नोएडा में संचालित कंपनी केपी एरोमैटिक्स 650 करोड़ रुपये का निर्यात अगले दो वर्ष में करेगी। प्रस्तावित निर्यात के लिए सहमति पत्र पर समारोह पूर्वक हस्ताक्षर किए गए हैं।
समारोह नई दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल के कमल हॉल में शनिवार को हो गया। समारोह में भारतीय वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और चीन के वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस समारोह में संभल पहुंचे केवी एरोमैटिक्स के चेयरमैन विनोद अग्रवाल और नोएडा से पहुंचे कंपनी के सीएमडी हिमांशु अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए।
चीन की जिस कंपनी को संभल की कंपनी निर्यात करेगी वह कंपनी संसार की 500 फाच्यून कंपनियों में से एक है। निर्यात संबंधी सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने के उपरांत हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि यूपी से निर्यात के संबंध में इतनी बड़ी डील किसी और कंपनी ने नहीं की है। इस सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करना संभल के लिए गौरव की बात है।
इंडो चाइना साइनिंग सेरेमनी में भारत और चीन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हमने चाइना साइनोफाम इंटरनेशनल के साथ व्यापारिक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे भारतीय मेंथा इंडस्ट्री को फायदा मिलेगा। किसानों और कारोबारियों को लाभ मिलेगा।