संभल। गवां-संभल मार्ग के सुंदरीकरण की कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही करीब 35 किलोमीटर लंबी सड़क पर 35 करोड़ रुपये खर्च कर सुंदरीकरण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। शासन से प्रस्ताव पास होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
संभल-गवां मार्ग जर्जर हो चुका है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से हर समय हादसा बना रहता है। अब सावन का माह है तो तमाम लोग गंगा स्नान करने अनूपशहर पहुंच रहे हैं। वहीं, रूट डायवर्जन भी है तो इसी मार्ग से बड़े वाहन जा रहे हैं। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे का काम चल रहा है तो बड़े वाहनों का आवागमन भी है। इस सबके बीच सड़क पर सफर करना बड़ा मुश्किल हो गया है। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुनील प्रकाश ने बताया कि सड़क की कई बार मरम्मत कराई गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर से गड़्ढे बन गए हैं। लेकिन अब इसके सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सुंदरीकरण के दौरान डबल लेयर मजबूती के साथ बनाई जाएगी। ताकि एकदम खराब न हो। एक्सईएन ने बताया कि सुंदरीकरण के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने का इंतजार है।
गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने पर बढ़ेगा दवाब
यूं तो इस मार्ग पर पहले से ही दवाब है लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे के चालू हो जाने से दवाब और बढ़ जाएगा। इससे निपटने की भी तैयारी हो रही है। एक्सईएन सुनील प्रकाश मानते हैं कि अनूपशहर, बुलंदशहर की ओर से तमाम ऐसे वाहन आया करेंगे, जो लंबी दूरी तय करने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे का प्रयोग किया करेंगे। इस लिहाज से भी तैयारी की जा रही है। जल्द ही इस सड़क का सुंदरीकरण कराया जाएगा। बताते चले कि यह मार्ग मुरादाबाद, संभल से बुलंदशहर, दिल्ली, अलीगढ़ और आगरा जाने वाले वाहनों को रफ्तार देगा।
000000
तेजी से हो रहा पुल का निर्माण, बारिश से रुका कार्य
संभल-गवां मार्ग पर गुन्नौर तहसील क्षेत्र में गांव उधरनपुर खागी के निकट अस्तित्व खो चुकी नदी पर पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। नदी पर बने रपटा पुल को तोड़ कर पीडब्ल्यूडी नया पुल निर्माण का कार्य करा रहा है। दरअसल, पहले नदी पर रपटा पुल होने के कारण हादसे भी हो जाते थे। पुल बनने से रफ्तार के साथ साथ हादसों में भी कमी आएगी। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता मुनीश कुमार बताते हैं कि पुल का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उम्मीद है समय सीमा के अंदर ही पुल का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
0000000
कोट
35 करोड़ की लागत से संभल-गवां मार्ग का सुंदरीकरण होगा। कार्ययोजना का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। जल्द ही मंजूरी मिलने के आसार हैं। सुंदरीकरण के बाद इसके चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनाई जाएगी। सड़क के सुंदरीकरण से कई लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
सुनील प्रकाश, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, संभल।