संभल में गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर का माहौल गणपति की भक्ति में रंगा नजर आया। शहर के गली, मोहल्लों और मंदिरों से लेकर घर-घर में विधि-विधान से पूजा अर्चना करके गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इससे पहले श्रद्धालुओं ने धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। डीजे-साउंड पर थिरकते हुए जमकर गुलाल उड़ाया।
बहजोई में गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया। मोहल्ला नारायन टोला और इस्लानगर चौराहा से भगवान गणेश की प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण यात्रा विभिन्न गली-मोहल्लों समेत मुख्य मार्गों से होते हुए गंतव्य पर पहुंचकर पूरी हुई।
इस बीच कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा की आरती कर प्रसाद बांटा। कई स्थानों पर नगर भ्रमण यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे से निकल रहीं भक्तिगीतों की धुनों पर नाचते-झूमते चल रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की तैनाती रही।