सत्यव्रत पुलिस चौकी के नजदीक से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए
जामा मस्जिद के नजदीक बन रही सत्यव्रत पुलिस चौकी का निरीक्षण करने के लिए डीएम और एसपी पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस चौकी के नजदीक खाली पड़ी जमीन पर बाउंड्री बनाने के निर्देश दिए हैं। दूसरे समुदाय के लोगों ने अपने पूजा स्थल होने का भी दावा किया था उनके दस्तावेज देखकर जमीन उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए हैं।
साथ ही पुलिस चौकी के नजदीक बंद गली में छज्जों का अतिक्रमण चिह्नित किया गया है। डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि मकान स्वामियों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जाएं। यदि लोग नहीं हटाते हैं तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए।
तीर्थ व कूप की जानकारी को लगाए जाएंगे नक्शे
डीएम ने बताया कि संभल धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी है। इसमें 68 तीर्थ और 19 कूप के उल्लेख मिलता है। 19 कूप को चिह्नित कर लिया गया है। तीर्थ भी चिह्नित किए जा रहे हैं। जिससे इनको संवारा जा सके। बताया कि पालिका क्षेत्र में जो कूप और तीर्थ हैं उनको अलग-अलग योजनाओं से संवारा जाएगा।
जो तीर्थ और कूप ग्रामीण इलाके में आते हैं, उनको ग्राम पंचायत स्तर से संवारने का काम होगा। डीएम ने बताया कि इन सभी तीर्थ और कूपों के नक्शे मुख्य मार्ग पर लगाए जाएंगे। जिससे दर्शन के लिए लोगाें को परेशानी न उठानी पड़े।