मस्जिद का गुंबद हटाने पहुंची एक्सपर्ट की टीम, बांधे पाड़
चंदौसी में मोहल्ला लक्ष्मणगंज में पालिका की साढे़ छह बीघा जमीन पर बनी रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद को मस्जिद कमेटी द्वारा ध्वस्त करने का कार्य सोमवार को भी जारी रहा। सुबह से ही मजदूर मस्जिद को ध्वस्त करने में जुट गए। तो वहीं संभल से आई एक्सपर्ट की टीम ने मस्जिद के गुंबद को हटाने के लिए पाड़ बांधने का कार्य भी शुरू कर दिया।
कमेटी का कहना है कि गुंबद हटने के बाद जल्द ही मस्जिद को ध्वस्त करा दिया जाएगा। पालिका की लक्ष्मणगंज में साढ़े छह बीघा भूमि पर रजा-ए-मुस्तफा नाम से एक मस्जिद व 34 मकान अवैध रूप से बने हैं। मस्जिद कमेटी की ओर से दस्तावेज नहीं दिखाने पर प्रशासन ने मस्जिद को ध्वस्त करने के आदेश दिए थे।
साथ ही शनिवार को 34 मकानों को 15 दिन में खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था। इसमें मस्जिद कमेटी की ओर से स्वयं ही मस्जिद ध्वस्त करने की बात कहीं गई थी। लेकिन मस्जिद के ध्वस्तीकरण का कार्य धीमी गति से होने के कारण एसडीएम ने कमेटी को फटकार लगाकर ध्वस्तीकरण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
सोमवार को संभल से आई एक्सपर्ट की टीम मस्जिद के गुंबद हटाने के लिए पहुंची। जहां टीम के सदस्यों ने करीब 50 फीट ऊंचे गुंबद पर पाड़ बांधने का कार्य शुरू कर दिया। मस्जिद कमेटी का कहना है कि जल्द ही मस्जिद के ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा।