संभल में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार से वापस लौट रहे कैलादेवी थाना क्षेत्र के लधनपुर निवासी लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में रविवार की संभल-अनूपशहर मार्ग पर गांव दीपापुर डांडा के निकट एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। तेज गति से आ रहे कंटेनर ने पहले एक ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मारी और अनियंत्रित होकर दूसरी पर पलट गया।
गांव दीपपुर डांडा में भयंकर हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत, एएसपी श्रीश्चंद्र, सीओ आलोक सिद्दू मौके पर पहुंचे गए। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद सीएमओ डॉ.तरन्नुम रजा मौके पर पहुंची। उन्होंने अस्पताल में अतिरिक्त स्टॉफ को बुलाया है। बहजोई सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.विरास यादव समेत कई चिकित्सकों को रजपुरा सीएचसी बुलाया गया है। सभी घायलों को तत्काल उपचार दिया गया। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें रेफर किया गया है।
तीन लोगों की हादसे में मौत हुई है। अन्य लोग घायल हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें हायर सेंटर भेजकर बेहतर उपचार कराया जाएगा। वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी, संभल।