निकाय चुनाव में मतदान के साथ ही मतगणना की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। मंडी समिति में संभल पालिकाध्यक्ष पद की मतगणना 48 जबकि सिरसी नगर पंचायत अध्यक्ष पद की मतगणना सात टेबल पर होगी। मतगणना का काम छह से सात घंटे में पूरा कर लिया जाएगा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
निर्वाचन आयोग ने जनपद संभल के अफसरों को मतगणना की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। जिसके बाद अफसर तैयारियों में जुट गए हैं। संभल पालिकाध्यक्ष और सिरसी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना मंडी समिति संभल में होगी। कितनी टेबलों पर मतगणना होगी, इसका खाका खींच लिया गया है। एसडीएम राशिद अली खां ने बताया कि संभल अध्यक्ष पद की मतगणना के लिए 48 टेबल, वार्ड सदस्य पद के लिए 33 टेबल लगेंगी।
इसके अलावा सिरसी अध्यक्ष पद के लिए सात और वार्ड सदस्य पद के लिए पांच टेबलों पर मतगणना होगी। मतगणना का काम दिन में ही पूरा कर लिया जाए। इसके लिए आयोग के निर्देश दिया है। इसके अनुपालन में छह से सात घंटे में मतगणना पूरी करा दिए जाने का प्रयास रहेगा। मतगणना के मददेनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पुलिस और पीएसी जवानों की तैनाती भी की जाएगी।