जुनावई।
ब्लाक क्षेत्र के अहरोला नवाजी गांव में राशन दुकान के लिए हुई खुली बैठक में किशोर की गिनती कराए जाने पर दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। हंगामे भरा माहौल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया लेकिन एक पक्ष बैलेट पेपर से राशन दुकान का चुनाव कराने की मांग करते हुए बिना गिनती कराए ही वापस लौट गया। जिससे चुनाव नहीं हो सका।
डीएम ने गांव अहरोला नवाजी में राशन की दुकान का चुनाव खुली बैठक में कराने के आदेश दिए थे। राशन दुकान के चुनाव के लिए दीक्षा और विमलेश कुमारी ने नामांकन कराया था। शुक्रवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमारी की अध्यक्षता में खुली बैठक की गई। दोनों प्रत्याशियों की सहमति के आधार पर कार्रवाई रजिस्टर में दोनों पक्ष के लोगों के द्वारा निशानी अंगूठा लगाए गए। कैमरे की निगरानी में दोनों की सहमति पर विमलेश पक्ष के मतों की गिनती शुरू की गई।
तभी दीक्षा पक्ष के लोग विमलेश पक्ष द्वारा एक किशोर की गिनती कराने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू हो गया। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। प्रत्याशी दीक्षा पक्ष के लोगों ने अपने मतों की गिनती कराने से साफ मना कर दिया। हंगामे भरा माहौल हो गया।
सूचना पाकर थाना प्रभारी सुनील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और प्रत्याशी दीक्षा पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन दीक्षा पक्ष के लोग बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हुए बिना गिनती कराए ही वापस लौट गए। एडीओ पंचायत अक्षय कुमार ने एसडीएम और बीडीओ को मामले की जानकारी दी। बता दें कि राशन की दुकान को लेकर दूसरी बार खुली बैठक हुई थी
राशन दुकान का प्रस्ताव को लेकर खुली बैठक में प्रत्याशी दीक्षा कुमारी के समर्थकों ने गिनती ने हंगामा किया। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। बाद में दीक्षा समर्थक बैलेट पेपर के माध्यम से प्रस्ताव कराने की मांग करते हुए चले गए। प्रत्याशी विमलेश कुमारी के समर्थकों के मतों की गिनती कर ली गई है। प्रस्ताव के कागज तैयार कर अधिकारियों के सामने पेश किए जाएंगे।
अक्षय कुमार, एडीओ पंचायत