संभल। दुष्कर्म पीड़िता का मेडिकल कराने के लिए परिजनों के संग गए एक अधिवक्ता से अभद्रता करने के आरोप को लेकर बुधवार की दोपहर जिला अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया। इस मामले में अधिवक्ता अस्पताल में एकत्र होने लगे और चिकित्सक पर अभद्रता का आरोप लगाया।
शादी का झांसा देकर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया था। कोतवाली संभल में दुष्कर्म पीड़िता ने एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुष्कर्म पीड़िता अपने अधिवक्ता और परिजनों के संग बुधवार को अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए जिला अस्पताल में पहुंची थी। इमरजेंसी ड्यूटी पर डा. चमन प्रकाश थे। महिला चिकित्सक दुष्कर्म पीड़िता का मेडिकल कर रहीं थीं। इसी दौरान पीड़िता ने महिला डाक्टर को बताया कि आरोपी पक्ष से किसी ने एक लाख रुपये लिए हैं और कहा है कि मेडिकल रिपोर्ट बलात्कार की पुष्टि नहीं होगी। महिला डाक्टर ने इमरजेंसी में मौजूद डा. चमन प्रकाश को जानकारी दी।
इसके बाद उन लोगों को तलाशा गया जिसने रुपये लिए थे लेकिन कोई सामने नहीं आया। महिला डाक्टर ने पीड़िता से पूछा कि उससे कोई रुपये तो नहीं लिए गए। इस पर उसने इनकार किया लेकिन जब उससे यह लिखकर देने के लिए कहा गया तो महिला ने कहा कि वह पढ़ी-लिखी नहीं है। इसके उपरांत महिला के अधिवक्ता से डा. चमन प्रकाश ने कहा कि वह लिख कर दें और महिला अंगूठा लगा दे देगी। लेकिन अधिवक्ता राजी नहीं हुए। इसी को लेकर विवाद हुआ और अधिवक्ता ने अभद्रता का आरोप लगा दिया। कुछ ही देर में माहौल हंगामे भरा बन गया। अधिवक्ता के पक्ष में आठ-दस अधिवक्ता और एकत्र हो गए। चिकित्सक और चिकित्साकर्मी भी अपना बचाव करते हुए आरोपों का जवाब देने लगे। दोनों पक्षों से अपने-अपने तर्क देते रहे। करीब आधा घंटे तक हंगामा हुआ।