बहजोई। सीटें फुल होने से जिले के 110 बच्चों को आरटीई के तहत विद्यालयों में दाखिला नहीं मिल सका। इससे इन बच्चों के अभिभावक मुश्किल में हैं।
एक जनवरी से जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इसके तहत विभाग के पोर्टल पर विद्यालयों में बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों की ओर से 564 आवेदन मिले थे। इनमें 116 आवेदन निरस्त हो गए थे। शेष रहे 448 आवेदनों में से 338 बच्चों को विद्यालयों में दाखिला मिल गया है। वहीं, 110 बच्चे विद्यालयों में दाखिले से महरूम रहे।
जिला समन्वयक आकाश चौहान ने बताया कि एक से 19 जनवरी तक हुई आवेदन समेत अन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालयों में 338 बच्चों को दाखिला मिल गया। वहीं, विद्यालयों में सीटें फुल होने के कारण 110 बच्चों को विद्यालयों में दाखिला नही मिल सका है। उन्होंने बताया कि विद्यालय न मिलने वाले बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों को पोर्टल पर दोबारा आवेदन करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि बीती 1 से 19 दिसंबर तक हुई पहले चरण की प्रक्रिया में 32 बच्चे भी विद्यालयों में दाखिला लेने से रह गए थे। वहीं, 1 से 19 फरवरी तक होने वाली तीसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया में पोर्टल पर विभाग को अब तक 125 आवेदन मिले हैं।