चंदौसी में मुरादाबाद मार्ग पर बने गड्ढ़े।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की अवधि समाप्त होने और एक युवक की जान चली जाने के बाद अब जाकर लोक निर्माण विभाग को शहर की सबसे जर्जर सड़क की याद आई है। मुरादाबाद रोड से ग्रीन सिटी से लेकर 36बी रेलवे फाटक होते हुए सिम्स कालेज तक की सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा। क्योंकि अब इस सड़क को नेशनल हाइवे अथारिटी ने पीडब्ल्यूडी को सड़क हस्तांतरित कर दी है।
मुरादाबाद मार्ग से चंदौसी और चंदौसी से बहजोई मार्ग पर चंदौसी में बाईपास बन गया। जिसके कारण नेशनल हाइवे अथारिटी से शहर के अंदर 36बी रेलवे फाटक से होकर गुजरने वाली सड़क को उसके हाल पर छोड़ दिया।
आलम यह है कि यह सड़क क्षेत्र की सबसे खराब सड़कों में शुमार हो गई। यही क्षेत्र की सबसे मुख्य सड़क है, जिससे जिले के प्रभारी मंत्री, नोडल अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नेता, अधिकारी सभी गुजरते हैं लेकिन इसके बड़े-बड़े गड्ढों पर किसी का ध्यान नहीं गया। दो दिन पूर्व इसी गड्ढे में फंसकर एक युवक अपनी जान गवां बैठा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया।
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने भी चुप्पी तोड़ी। अब शायद लग रहा है कि यदि सड़क नहीं भी बनी तो कम से कम इस सड़क के गड्ढे तो भर ही जाएंगे। लेकिन यदि बरसात के दिनों वाला कार्य किया गया तो गड्ढे भरने के पंद्रह दिन के बाद हाल फिर से वैसा ही हो जाएगा। क्योंकि हर बरसात में इस सड़क के भी गड्ढे भरे गए लेकिन दस से पंद्रह दिन के बाद स्थिति फिर से ज्यों की त्यों हो गई।