संभल हसनपुर मार्ग पर फत्तेहउल्ला सराय में टूटी पड़ी सड़क।
- फोटो : amar ujala
सावन का पहला सोमवार आने वाला है। शनिवार को जिले से कांवड़िए जाएंगे और इसके बाद जल लेकर आएंगे। सोमवार को जलाभिषेक करेंगे लेकिन अभी तक रास्ते खराब पड़े हैं। कांवड़ियों को रास्ते में कंकड़ पत्थर चुभेंगे। यह स्थिति तब है जब प्रशासन बार बार यह दावे करता रहा है कि कांवड़ संबंधी तमाम इंतजाम किए जा चुके हैं लेकिन रास्ते ठीक न होने से कांवड़ियोंपर क्या गुजरेगी इस बात को शायद किसी ने नहीं महसूस किया।
संभल तहसील के सबसे प्रमुख मंदिर प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ होती है। दो वर्ष से सड़क खराब है। सड़क ठीक कराए जाने की मांग शिवभक्त करते रहे हैं लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। यही कहा गया कि बजट आएगा तब सड़क बनेगी।
सिंहपुर सानी के निवासी प्रोफेसर डा. रविकांत शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा की तमाम व्यवस्थाओं का मतलब क्या है जब रास्ते ही खराब है। वहीं संभल से श्री कल्कि सेना के पदाधिकारी गगन वार्ष्णेय ने कहा कि खराब सड़कों का मुद्दा कांवड़ यात्रा की तैयारी बैठक में भी उठा था लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है।
सुरक्षा व्यवस्था और कांवड़ यात्रा से पहले कांवड़ियों के मार्गों को ठीक कराने के लिए निर्माण एजेंसियों और निकायों से कहा गया था। कुछ विभागों में बजट की कमी है जिससे पूरी की पूरी सड़क तो ठीक नहीं कराई जा सकती लेकिन सड़को को गड्ढा मुक्त तो किया जा सकता है। यह काम क्यों नहीं हुआ? इस बारे में शुक्रवार को मैं खुद चेक करुंगा। संभल के करीब किसी एक सड़क का निरीक्षण भी करूंगा ताकि हककीत सामने आ सके। एनकेएस चौहान, जिलाधिकारी।