गुन्नौर(संभल)। मोहल्ला जुलेपुरा के वार्ड नंबर दो में लगातार हो रहे जलभराव ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा होने से गली में बदबू फैल गई है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके कारण लोगों का आवागमन कठिन हो गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत पर अनदेखी करने के आरोप लगाए है।कस्बे के गांव मोहल्ला जुलेपुरा के वार्ड नंबर दो की गली की नीची सड़क होने की वजह से नालियों के पानी की निकासी नाले में नहीं हो पाती। इस वजह से यहां लंबे समय से जलभराव की समस्या हो गई है। जलभराव के कारण दर्जनभर से अधिक लोग मलेरिया और टायफाइड जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं। आलम ये है कि यहां के लोगों को हर रोज गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। आए दिन महिलाएं व बच्चे जलभराव में गिरकर घायल होते रहते हैं। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी भयानक हो जाती है। नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों के अंदर आ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी नगर पंचायत कार्यालय में कई बार शिकायतें की और धरना-प्रदर्शन किया, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन मिला और अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और कीटनाशक दवा का छिड़काव करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सफाई और निकासी का काम जल्द शुरू नहीं हुआ, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
.........
घरों में बच्चे बीमार पड़े हैं, सड़क पर जल भराव कई महीनों से हुआ है। लेकिन अभी तक किसी ने कोई खबर नहीं ली है।
-सरताज सलमानी, स्थानीय निवासी
...............
मोहल्ले के लोगों में काफी आक्रोश है, सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। सड़क पर जल भराव है। बीमारियों ने डेरा डाल दिया है।
-राशिद अली, स्थानीय निवासी
........
हम लोगों ने कई बार नगर पंचायत प्रशासन से शिकायत की है। उसके बावजूद भी कोई यहां पर सफाई व्यवस्था नहीं कराई गई है।
-शेरसिंह, स्थानीय निवासी
...........
वोट के समय तो काफी वादे किए गए थे। लेकिन धरातल पर कोई जनप्रीतिनिधि खरा नहीं उतरा। आज हम मोहल्ले के लोग काफी परेशान है।
-मोहम्मद आमिर अली, स्थानीय निवासी
वर्जन-
जिस गली में जलभराव है, वहां सड़क काफी नीची हो गई है। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
-खुशबू प्रजापति, नगर पंचायत अध्यक्ष गुन्नौर