चंदौसी। लिवर की बीमारी से पीड़ित पत्नी का बीमा कराकर उसकी मौत के बाद क्लेम लेने की कोशिश करने के आरोपी के खिलाफ कंपनी के मैनेजर की तहरीर पर कुढ़फतेहगढ़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
कोटक लाइफ इंश्योरेंस की बरेली शाखा में मैनेजर मेरठ जिले के आखेपुर गांव निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गुरसरी गांव के रहने वाले कल्लू ने अपनी पत्नी कन्यावती के नाम बीमा कराया था। पत्नी की मौत के बाद पांच जुलाई 2023 को कल्लू ने बीमा कंपनी में क्लेम के लिए आवेदन किया। जांच के दौरान पता चला कि उसकी पत्नी बीमा कराने से पहले ही लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और उनकी मौत 21 जून 2023 को हो चुकी थी।
इसके बावजूद क्लेम के कागजात में मौत का कारण अचानक सीने में दर्द बताया गया। बीमा कंपनी की जांच में सामने आया कि महिला के पति ने बीमारी से जुड़े जरूरी मेडिकल कागजात छिपाए और गलत जानकारी देकर बीमा का पैसा लेने की कोशिश की। इस मामले में थानाध्यक्ष लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।