संभल। शहर के एक चिकित्सक की पुत्री का अपहरण करने के आरोप में पुलिस ने पत्नी और बेटे सहित हेड कांस्टेबल पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर किशोरी के परिजनों को दोपहर से लेकर शाम तक धरना तक देना पड़ा।
शहर के एक चिकित्सक का आरोप है कि वह गुरुवार की सुबह अपने क्लीनिक पर मरीजों को देखने में व्यस्त थे। इस दौरान बाइक सवार दो लोग आए और दरवाजे पर उनकी बेटी का नाम लेकर खटखटाया और बाहर बुला लिया। जब बेटी बाहर आई तो उसका मुंह दबाकर बाइक पर बैठा लिया और जाते समय कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर गए। उनका आरोप है कि उनकी बेटी को बाइक पर बैठाकर ले जाते समय हेड कांस्टेबल के पुत्र ने धमकी दी थी कि मेरे पिता पुलिस में हैं अगर कहीं शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। उनका आरोप है कि हेड कांस्टेबल परिवार समेत कोतवाली परिसर में बने आवास में रहता है और उसने भी 17 -18 साल पहले दूसरे संप्रदाय की महिला से शादी कर ली थी। इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार, उसकी पत्नी बुशरा, पुत्र समीर और समीर के अज्ञात साथी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366 और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-किशोर और किशोरी एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों कहीं चले गए हैं। किशोरी के परिजनों ने जो तहरीर दी है उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों की तलाश की जा रही है। दोनों के रोडवेज के बस से मुरादाबाद जाने की जानकारी मिली है। सिपाही के धर्म परिवर्तन के मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल।
आरोपी बालिग या नाबालिग इस पर भी बहस चल रही
संभल। किशोरी को लेकर जाने वाला आरोपी बालिग है या नाबालिग इसकी पुष्टि तो बाद में जांच के बाद होगी। अब तक की छानबीन में पुलिस का दावा है कि आरोपी नाबालिग है और अपनी कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी को लेकर गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों नाबालिग एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। उनकी तलाश की जा रही है और जल्द बरामद कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर किशोरी की मां का दावा है कि आरोपी 18 वर्ष का है।
हिंदू जागरण मंच ने दिया धरना देने का अल्टीमेटम
संभल। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कोतवाल विकास सक्सेना को ज्ञापन दिया है। इसमें उन्होंने किशोरी को जल्द बरामद करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जल्दी किशोरी बरामद नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कैलाश चंद्र, विशाल शर्मा, शोभित शास्त्री, विनोद श्रीमाली आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने धरना खत्म कराते हुए कहा कि शनिवार तक किशोरी बरामद नहीं हुई तो वह खुद धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे।