संभल। देश के आम बजट से हर वर्ग ने उम्मीद लगा रखी थी। सरकार ने 1.5 करोड़ वार्षिक टर्न ओवर तक के तीन करोड़ खुदरा व्यापारियों के लिए पेंशन का एलान किया। इसके अलावा ई-वाहन लेने पर आयकर में छूट दी है। कई व्यापारियों ने बजट को सराहा लेकिन कुछ व्यापारियों ने यह भी कहा कि उम्मीदें पूरी नहीं हुईं हैं।
देश का कारोबार विदेशियों के हाथ में जाएगा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भारत को मोस्ट फेवरेट एफडीआई देश बनाने की तैयारी की गई। इसके दूरगामी परिणाम अच्छे नहीं होंगे।
देश में निवेश बढ़ेगा विकास होगा
असमोली स्थित धामपुर शुगर मिल के अध्यक्ष सुभाष पांडेय ने कहा कि देश में कृषि से लेकर हर क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। मोदी सरकार का इस दिशा में बजट अच्छा है।
न रोजगार बढ़ेंगे न छोटे उद्योग तो कैसे होगा विकास
मेंथा कारोबारी प्रवीन रस्तोगी ने कहा कि न तो रोजगार के अवसर बढ़ाने के उपाय हैं। न ही छोटे और मध्यम उद्योग के विकास के लिए अहम योजना पेश की गई है। आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है।