संभल। हयात नगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। किशोरी ने शोर शराबा मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया और जाते समय जान से मारने की धमकी दी। घटना उस समय हुई जब किशोरी घर में अकेली थी। परिजनों के लौटने पर किशोरी ने घटना की जानकारी दी। जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। शनिवार की रात 10 बजे करीब एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी घर में अकेली थी।
इसी दौरान गांव निवासी युवक घर में घुस आया और तमंचे के बल पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित पिता ने बताया कि वह खेत पर फसल की सिंचाई करने गए थे। उनकी पत्नी उन्हें खेत पर खाना देने गई हुई थी। बेटा छत पर सो रहा था। इसी बात का फायदा उठाते हुए गांव निवासी युवक ने तमंचे के बल पर उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उसके साथी ने दरवाजे पर रखवाली की।
पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए दुष्कर्म के आरोपी दिनेश व उसके साथी शलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।