गवां/सौंधन। रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां-संभल मार्ग स्थित गांव उधरनपुर में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पहुंचने के साथ ही आरोपी ट्रक चालक को पकड़ने के लिए दौड़ पड़ी।
हयातनगर थाने की पुलिस चौकी खिरनी पर पुलिस ने तीन ट्रक रोक लिए। युवक के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह खिरनी पुलिस चौकी पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ट्रक चालक को हवाले करने की मांग की। इसी बात को लेकर आक्रोशित लोगों और पुलिस में कहासुनी हो गई। पुलिस कर्मियों से अभद्रता भी की गई। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने भीड़ को किसी तरह काबू किया और एक वाहन को रजपुरा पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं दूसरी ओर घटनास्थल पर ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर जाम लगा दिया। रजपुरा पुलिस ने परिजनों को किसी तरह समझाबुझा कर युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंघौला दौलत सिंह निवासी असलम (22) पुत्र बन्ने खां की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक घर से बाइक पर सवार होकर धनारी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानठेर में अपनी लैब पर जा रहा था। जैसे ही गवां-संभल मार्ग स्थित गांव उधरनपुर के नजदीक बाइक से उतरकर सड़क पार कर रहा था तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरो ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और कुछ लोग ट्रक पकड़ने की सूचना पर हयातनगर थाने की पुलिस चौकी खिरनी पहुंच गए।
खिरनी पुलिस चौकी पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों से अभद्रता भी की। यह हंगामा ट्रक चालक को हवाले नहीं करने पर किया गया। हयातनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि रजपुरा थाना क्षेत्र में हादसा कर भागे ट्रक की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने चौकी पर तीन चार वाहनों को रोका था। परिजन आक्रोशित थे। उन्हें समझा कर मामला शांत करा दिया। रजपुरा पुलिस के हवाले एक ट्रक कर दिया है।