संभल के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में घर में भरा बरसात का पानी।
- फोटो : अमर उजाला
कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों को जीना मुश्किल हो गया था, लेकिन मंगलवार देर रात से शुरू हुई। बारिश बुधवार भोर तक हुई। मौसम ने रुख बदला और आसमान में काले बादल छा गए। ठंडी व तेज हवाओं के साथ साथ झमाझम वर्षा से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली, लेकिन पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। सरकारी अस्पताल परिसर, न्यायिक परिसर और तहसीलदार आवास पर पानी घुस गया।
तहसीलदार एक सप्ताह से नगर पालिका से कह रहे थे कि उनके घर में पानी घुस सकता है. लेकिन नगर पालिका ने जल निकासी का इंतजाम नहीं किया। नतीजा जब मंगलवार को रात बारिश शुरू हुई तो तहसीलदार का सरकारी आवास तालाब में बदल गया। आसपास के नालों का गंदा पानी घर में घुस गया।
सामान्य कामकाज प्रभावित हो गया। ड्यूटी पर आए होमगार्ड पैंट ऊपर करके आवास तक जल भराव से होकर पहुंचे। वहीं तहसीलदार ने घर से बाहर आने के लिए गाड़ी का सहारा लिया। करीब तीन घंटे हुई बारिश के साथ नगर पालिका के सभी दावे भी पानी के साथ ही धुल गए। भोर होने पर छोटे-छोटे बच्चे बरसात का आनंद लेते नजर आए।
छतरी लगाकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। इस तेज बारिश ने लोगों को राहत देने का काम किया है। बारिश ने किसानों के लिए राहत दी है। धान की फसल की सिंचाई के लिए किसानों को चिंता सता रही थी। मूसलाधार बारिश ने किसानों की चिंता को दूर करने का भी काम किया। मौसम ठंडा व सुहावना होने के कारण लोग इसका आनंद लेते नजर आए।