चंदौसी(संभल)। सीआईबी (चीफ इंटेलीजेंस ब्यूरो) मुरादाबाद की टीम ने बदायूं जनपद के गांव चंदोई में अवैध तरीके से रेलवे के आरक्षित टिकट बनाने के आरोप में जनसेवा केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2021 से रेलवे के आरक्षित टिकट बना रहा था। सीआईबी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आरपीएफ चंदौसी के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
मुरादाबाद की सीआईबी (चीफ इंटेलीजेंस ब्यूरो) की टीम को दिल्ली बड़ौदा हाउस से सूचना मिली कि बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर के गांव चंदोई में जनसेवा केंद्र से निजी आईडी से अवैध तरीके से रेलवे के आरक्षित टिकट बनाकर बेचे जा रहे हैं। सूचना पर मुरादाबाद की सीआईबी टीम हरकत में आ गई। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे सीआईबी टीम में शामिल छह सदस्य इस्लामनगर थाने के गांव चंदोई पहुंच गए। जहां जनसेवा केंद्र पर नदीम नामक युवक बैठा मिला।
टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चंदौसी आरपीएफ के हवाले कर दिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह 2021 से अवैध तरीके से निजी आईडी पर रेलवे के आरक्षित टिकट बनाकर बेच रहा है। आरपीएफ थाने के इंचार्ज आरके गुप्ता ने बताया कि कोई व्यक्ति अपनी निजी आईडी पर केवल स्वयं के लिए रेलवे टिकट आरक्षित कर सकता है। निजी आईडी से रेलवे टिकट का व्यापार कर गैर कानूनी है। आरोपी युवक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को आरोपी युवक को रेलवे के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।