संभल में उप जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना देते उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन/निविदा संविदा क
- फोटो : SAMBHAL
संभल। निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मचारियों के तेवर तीखे हैं। आंदोलन जारी है। संभल स्थित 132 केवी सब स्टेशन परिसर में निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मचारियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया।
बिजली विभाग के निजीकरण से आक्रोशित कर्मचारी मंगलवार को दिन में 11 बजे एकत्र हुए और शाम चार बजे तक अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में रहे। धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सभा आयोजित की। कर्मचारियों का यह आंदोलन उत्तर प्रदेश कार्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले हुआ। संविदा कर्मचारियों को नियमित सेवाओं में सेवायोजित करने की मांग उठी। धरना प्रदर्शन में चंदौसी, बबराला और संभल के सभी संविदा और निविदा कर्मचारी शामिल हुए।
कर्मचारियाें का कहना है निजीकरण को रोककर योग्यता के अनुसार नौकरी दी जाए। जो लोग संविदा पर काम कर रहे हैं उन्हें चिकित्सकीय सुविधाएं दी जाएं। उनके पीएफ और अन्य देयकों का हिसाब उन्हें बताया जाए। विद्युत विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया को रोका जाए। बबराला से सत्यनारायण, सुनील, प्रेमशंकर, लाल सिंह, प्रेमवीर और जोगेंद्र शामिल रहे। चंदौसी से अजय पाठक, नितिन पाराशर, प्रमोद कुमार आदि ने भाग लिया। संभल से अभिनंदन शर्मा, सोनू, रियाजुल, प्रवीण, भोलू, अजय, नदीम जैदी आदि ने भाग लिया। संचालन राकेश त्यागी ने किया।