बहजोई। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सीएमओ दफ्तर पर धरना देकर सीएचसी जुनावई पर हो रहे घोटालों की जांच कराए जाने की मांग की गई। वहीं पूरे मामले में सीएमओ को ज्ञापन भी सौंपा गया।
मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी सचिन यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी व किसान धरने पर बैठे। दोपहर बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अमिता सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुनावई पर तैनात प्रयोगशाला सहायक की ओर से बीते आठ वर्षों से अवैध तौर पर वसूली की जा रही है। इसकी जांच निष्पक्षता से कराई जाए।
जनरेटर लॉगबुक में फर्जी भुगतान दिखाया जा रहा है, जबकि जनरेटर खराब है। यह सरकारी धन का दुरुपयोग है। वहीं क्वैक्स टीम की ओर से जिले में अपंजीकृत अस्पतालों से लाखों रुपये की उगाही की जा रही है, जिसका दफ्तर सीएमओ दफ्तर के ठीक सामने है। पूरे मामले में पहले भी जिलाधिकारी व सीएमओ दफ्तर में शिकायत की जा चुकी है। इस पर सीएमओ की ओर से 15 अक्तूबर 2020 तक जांच कराए जाने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके अभी तक जांच नहीं हो सकी है। इससे साफ है कि नामित किए गए जांच अधिकारी एसीएमओ की ओर से भी ढिलाई बरती जा रही है। वहीं जांच रहते हुए सीएचसी जुनावई प्रभारी को पद से मुक्त रखा जाए। इसके अलावा सीएचसी पर प्रसूताओं के अल्पाहार में हो रहे घोटाले की जांच कराई जाए। ज्ञापन में बुद्घसैन, रोहताश, जयकिशोर, राजू, रामनाथ, भोजराज, विजयनंदन, कल्यान सिंह, आराम सिंह व किशनपाल सिंह आदि के नाम हैं।