सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर खालसा में पुरानी रंजिश के चलते रास्ते पर गंदगी का विरोध करने पर दबंगों ने घर में घुसकर महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव शोभापुर खालसा निवासी मनोज ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोग रास्ते पर गंदगी कर रहे थे। पत्नी वीरवती ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने वीरवती के साथ जमकर मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मां-बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल संभल में भर्ती कराया।
सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव शोभापुर खालसा निवासी महेश, अवधेश, नरेंद्र और तेजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।