संभल-आदमपुर मार्ग पर यही है वह पुलिया है जिसे जोड़ने के लिए डामर रोड नहीं बनाई गई।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। पुलिया तो बनाई पर पुलिया को जोड़ने के लिए पक्की सड़क नहीं बनाई। जब रफ्तार भरते वाहन पुलिया पर आते हैं और उन्हें पुलिया से उतरते ही संपर्क की सड़क नहीं मिलती तब हादसे का खतरा हो जाता है। सावधानी हटी और दुर्घटना घटी की स्थिति है। पुलिया से बाइक गिरने की वजह से एक वर्ष के भीतर दो युवकों की मौत हो चुकी है पर न तो नहर विभाग चेता है और न ही लोक निर्माण विभाग ने ध्यान दिया है।
संभल-आदमपुर मार्ग पर नारंगपुर के करीब मध्य गंगा नहर के लिए खुदाई की गई है। खुदाई का काम पूरा हो गया है। नहर के रास्ते में आए मार्ग पर सड़क को काटकर एक पुलिया का निर्माण किया गया। पुलिया बने एक वर्ष से ज्यादा बीत गया है पर अभी तक यातायात को सुचारू करने के लिए पुलिया को सड़क से नहीं जोड़ा गया। अगर कोई अपनी बाइक या कार से रात में रफ्तार भरते हुए इस मार्ग पर आगे बढ़ रहा हो तो पुलिया तक पहुंचते-पहुंचते हादसे का शिकार हो सकता है क्योंकि पुलिया को सड़क से ठीक से जोड़ा नहीं गया है।
संपर्क सड़क बनाने के नाम पर सिर्फ थोड़ी सी मिट्टी डाली गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब सात महीने पहले बाइक सवार सिहावली निवासी अरविंद और उनके बहनोई इसी पुलिया पर मौत का शिकार हुए थे। हादसा शाम के वक्त हुआ था। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। पुलिया के आगे सड़क सही न होने की वजह से दोनों फिसल कर गिरे और घिसटते हुए आगे तक गए। दोनों की मौत हो गई। यह स्थिति तब है जब क्षेत्र के नेता और अधिकारी भी इस मार्ग से होकर गुजरते हैं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।