संभल। ऐंचोड़ा कंबोह में स्थित श्री कल्कि धाम के तीसरा स्थापना दिवस गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य रविंद्र पुरी, आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद आदि ने सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों और कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जगदगुरु की उपाधि से भी सम्मानित किया गया है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने इसकी घोषणा की।
उपाधि मिलने पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व अन्य संतों का आभार जताया। कहा कि वह सनातन, कल्कि धाम और भारत के लिए सेवक के रूप में काम करना चाहते हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा बटुकों के सम्मान की परंपरा को अच्छी बताया। आचार्य ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर कहा कि उनका निशाना योगी आदित्यनाथ हैं, जिन्हें दस साल से धमकियां मिल रही हैं और वे किसी धमकी से नहीं डरते।
इससे पूर्व आचार्य अखिलेश वशिष्ठ ने यज्ञ कराया। यज्ञ के बाद मुख्य पंडाल में विख्यात गायक प्रेम प्रकाश दुबे ने सुंदर कांड का पाठ किया। इसके बाद कवियत्री अनामिका अंबर ने काव्यपाठ किया। इस दौरान डीएम संभल, जिला प्रचारक संजीव, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संयोजक गौरव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, बीएसए अल्का शर्मा, स्वामी सत्यानंद, लवकुश शर्मा, सुधीर चाहल, संजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।
अविमुक्तेश्वरानंद सनातनियों को बांटने का काम कर रहे हैंः महंत रवींद्र पुरी महाराज
संभल। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर प्रतिक्रिया दी है। जिसमें उन्होंने कहा है कि शंकराचार्य शंकर होते हैं, लेकिन वे सनातनियों को बांटने का काम कर रहे हैं। दूसरी ओर सीएम योगी समाज को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर कहा कि उनके गुरुकुल में पढ़ने वाले ब्राह्मण बच्चों के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने बताया कि कई बच्चों को पीटा गया, उनकी शिखा खींची गई और 84 साल के संत को पीटा गया। महंत ने कहा कि ऐसे मामलों की जांच होनी चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
-