भारतीय संत समिति के अध्यक्ष/कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार को देश के ज्वलंत मुद्दों पर बेबाक राय रखी। प्रेस से वार्ता के दौरान, पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा तो सीएम आदित्यनाथ योगी की तारीफ की। इस दौरान, हुर्रियत कांफ्रेंस पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई तो अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की भी अपील की।
बनियाखेड़ा में एक मुस्लिम बेटी के निकाह में शामिल होकर लौट रहे कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने चंदौसी में कहा कि, अयोध्या में राम मंदिर से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, मुख्यमंत्री योगी को अब राम मंदिर निर्माण में देरी नहीं करनी चाहिए। यदि अब इसमें चूक हुई तो इतिहास उन्हें माफ नहीं करेगा।
छोटे बूचड़खाने अवैध और बड़े-यांत्रिक बूचड़खाने वैध, यह कैसा खेल है, जीव हत्या किसी भी तरह से वैध कैसे हो सकती है, इसलिए सभी बूचड़खानों को बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना भी साधा। कहा कि, पीएम ने गंगा को मां कहते हुए सफाई का संकल्प लिया था लेकिन तीन साल में तीन इंच गंगा साफ नहीं हो सकी।
गंगा का अस्तित्व खत्म हो रहा है, इसके साथ ही देश की आत्मा भी मर जाएगी। उसे बचाया जाना चाहिए। कश्मीर में पाकिस्तान लगातार भारतीय जवानों की हत्याएं करा रहा है।
यहां आतंकियों गव उनको संरक्षण देने वालों से सख्ती से निपटा जाए। हुर्यित कांफ्रेस पर प्रतिबंध लगाया जाए। इसके साथ ही कल्किधाम के निर्माण पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाना चाहिए।
कल्कि पीठाधीश्वर को भेंट की गणेश प्रतिमा
चंदौसी। भारतीय संत समिति के अध्यक्ष/कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोज कृष्णम ने बनियाखेड़ा जाकर एक मुस्लिम युवती के निकाह में शिरकत कर उसे आशीर्वाद दिया। बाद में चंदौसी में रुककर लोगों से बातचीत की।
इस दौरान मिथलेश कुमारी कृष्णम समिति के अध्यक्ष गणेश इशू प्रखर, तुषार श्रोतीय, शताक्षी, मोहित गुप्ता, नवीन चौधरी, दीपक वार्ष्णेय, ने आशीर्वाद लिया। आचार्य प्रमोद कृष्णम को समिति की ओर से स्मृति चिह्न के रूप में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा भेंट की गई।