गर्मी आते ही बिजली संकट बढ़ गया है। निर्धारित शेड्यूल से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कहीं ओवर लोडिंग से फाल्ट और ट्रिपिंग पॉवर कट की वजह बन रही है तो कहीं खस्ताहाल लाइनें भी मुसीबत बनी हैं। पब्लिक परेशान है। शहर को चौबीस घंटे और गांव को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कागजों में ही सिमट कर रह गया है।
जुनावई क्षेत्र के कई स्थानों पर बिजली की लाइनें जर्जर होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है। नतीजतन सरकार की मंशा के मुताबिक, पब्लिक को बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। ब्लाक कार्यलय में बिजली न आने से शनिवार को पूरे दिन कामकाज ठप रहा। जुनावई कस्बे में बिजली वेल्डिंग का काम करने वाले आशिफ अली ने बताया उनके पास पॉवर कनेक्शन है। बिजली की जर्जर लाइनें होने से बिजली बार-बार आती जाती है। इससे 12 घंटे से कम बिजली मिल पा रही है।
ब्लाक के मनरेगा एपीओ सुधांशु बाबू और मनरेगा के कप्यूटर आपरेटर छविराम सिंह यादव, सामान्य पटल बाबू रंजीत सिंह ,एनआरपी बाबू शैलेंद्र बाबू सहित चारों लोगों ने बताया कि जुनावई क्षेत्र में बिजली कम मिल पा रही है। जुनावई कस्बे में बिजली की लाइनों के तार काफी नीचे लटके हैं।
जुनावई में मनरेगा की फीडिंग बंद रघुपुर में छह महीने से बिजली नहीं
जुनावई। बिजली न मिलने से मनरेगा और अन्य कामों की फीडिंग नहीं हो पा रही है। रघुपुर गांव के रहने वाले रोजगार सेवक दीपेश कुमार ने बताया छह माह पहले पोल टूटने के कारण रघुपुर गांव की बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी पोल लगाकर लाइनों को सही नहीं किया गया है। गांव के लोग छह माह से बिजली के लिए तरस रहे हैं।
नहीं बदला गया ट्रांसफार्मर
संभल। भले ही योगी सरकार 24 घंटे में फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने का निर्देश दे रही हो लेकिन बिजली विभाग उस आदेश का पालन करता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। मढ़न का ट्रांसफार्मर चार दिन पहले फुंक गया था। लेकिन अभी तक गांव का ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। मढ़न गांव में चार दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था।
ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी गई थी लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। ग्रामीणों ने जेई से ट्रांसफार्मर बदलने को कहा तो कह दिया कि दो तीन लग जाएंगे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मढ़न गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी नहीं थी। जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदलवा दिया जाएगा।