चंदौसी (संभल)। शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत न होने की वजह आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़कों में बने गड्ढों से वाहन चालक परेशान हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की मरम्मत कराने को लेकर गंभीर नहीं है।
शहर के प्रमुख मार्ग मालगोदाम रोड गड्ढों में तब्दील हो चुका है। गहरे गड्ढों को भरने के लिए ईंट का रोड़ा जगह-जगह डाल दिया गया है। यही नहीं इस पर जलभराव होने के कारण गड्ढे नजर नहीं आते और छोटे वाहन सड़क पर गिर जाते हैं। ई-रिक्शा कई बार इस रोड पर पलट चुके हैं और यात्री भी चोटिल हो चुके हैं। स्कूटी और बाइक सवार तो लगभग रोज ही गहरे गड्ढों फंसने से चोटिल होते हैं।
दूसरी ओर आंबेडकर पार्क से लेकर कब्रिस्तान रेलवे फाटक के पास तक गड्ढों में सड़क तलाश करनी पड़ती है, लेकिन आंबेडकर पार्क के पास तो सड़क की हालत ज्यादा ही खराब है। इधर से रोडवेज की बसों के साथ ही अन्य भारी हल्के वाहन निकलते हैं, जिससे गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं।
यहां से रोजाना अफसर और जनप्रतिनिधि भी निकलते हैं। पालिकाध्यक्ष और पालिका के अधिकारी भी आते-जाते हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या का समाधान करने का प्रयास किसी ने नहीं किया। सड़क की बदहाली के लिए करीब छह महीने से अधिक समय हो चुका है।
-
आंबेडकर पार्क के पास पुलिया टूटी होने के कारण जलभराव हो गया है। यहां सड़क बेहद खराब हालत में पहुंच गई है। बुधवार को बंद नाली की सफाई कराई गई है। पहले जलभराव रोकने के लिए पाइप डाला जाएगा, इसके बाद सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। - धर्मराज राम, ईओ नगर पालिका चंदौसी
जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग, सौंपा ज्ञापन
फोटो
चंदौसी। मालगोदाम रोड और सीता रोड की जर्जर सड़क से लोगों की दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। दोनों सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय से मिले और ज्ञापन दिया।
नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ने बताया कि मालगोदम रोड से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बताया कि पूर्व में व्यापार मंडल ने इस समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन समाधान नहीं हो सका है। शाह आलम मंसूरी ने कहा कि सीता रोड की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसी मार्ग पर नगर का प्रमुख स्कूल भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है। खराब सड़क से बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने में शुभम अग्रवाल, बसीम, रितिक वार्ष्णेय, सद्दाम, सावन शर्मा, रमाकांत पंडित, नजर मोहम्मद, मतीन अशरफी, चिराग, निशांत शर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे।