संभल। चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण का काम फिर से शुरू हो गया है। नाले के ऊपर पुलिस बॉक्स बनाया जा रहा है, जिसके ऊपर वाहनों की आवाजाही होगी। चौड़ीकरण होने से जाम से निजात मिलेगी और आवागमन भी सुचारू होगा।
शासन ने चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण के लिए 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। चौराहे से बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए बिजली निगम को जुलाई में 10.80 लाख रुपये और नवंबर में 4.56 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। दिसंबर में पीडब्ल्यूडी ने चौराहे के चौड़ीकरण को लेकर काम शुरू किया था। रोडवेज बस अड्डे की तरफ नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाया जाने लगा। यह कार्य 65 मीटर क्षेत्र में होना है। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में नाले का आधार तैयार हो चुका था लेकिन काम रुक गया था। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुनील प्रकाश ने बताया कि कुछ दिनों तक किसी कारण से काम रुका हुआ था। अब फिर से चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया है। पुलिया बॉक्स बनाया जा रहा है। जिसके बाद अन्य काम कराया जाएगा।
चौड़ीकरण को लेकर यह कार्य होगा
चंदौसी चौराहे पर चौड़ीकरण के लिए रोडवेज बस अड्डे की तरफ नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बन रहा है। सामने की तरफ इंटरलॉकिंग सड़क को हटाकर डामर सड़क बनेगी। इस सड़क की चौड़ाई एक मीटर होगी। यह कार्य 35 मीटर लंबा होगा। चंदौसी मार्ग की तरफ 35 मीटर तक नाली बनाई जाएगी। नाली की दूसरी तरफ ढाई मीटर सड़क का निर्माण होगा। सामने की तरफ 40 मीटर लंबाई की सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क की चौड़ाई ढाई मीटर रहेगी। चौराहे के बीचोबीच गोल चक्कर भी बनाया जाएगा।