बहजोई। ट्रक की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल के बाद पुलिसकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा बहजोई-संभल मार्ग पर गांव बेहटा-जयसिंह चौराहे के समीप हुआ। इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ रही।
बहजोई-संभल मार्ग पर गांव बेहटा-जयसिंह चौराहे के समीप मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पुलिसकर्मी समरसिंह पुत्र रामवीर सिंह (32) निवासी गांव अख्त्यारपुर चौबे थाना हयातनगर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी लेने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया ने बताया कि पिता रामवीर सिंह पुत्र बुद्घसेन की ओर से तहरीर देकर कोतवाली में दर्ज कराए गए मामले में बताया कि उसका बेटा समरसिंह बरेली जिले में कांस्टेबल पद पर तैनात था। सुबह साढ़े दस बजे करीब वह अपने बेटे के साथ प्लॉट देखने बहजोई आया हुआ था। वह व उसका बेटा समरसिंह सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर खड़े थे। अचानक संभल की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे व बेटे को टक्कर मार दी। वह तो बाल-बाल बच गया, लेकिन बेटा घायल होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में घायल बेटे को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक फिलहाल कांस्टेबल समरसिंह की तैनाती बरेली जिले में यातायात पुलिस में थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पिता की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक व चालक पुलिस के कब्जे में हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी मिलते परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।